सिकंदराबाद स्थित अल्ट्राटेक कंपनी में सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, वाहन चालकों को दिलाई गई सुरक्षित ड्राइविंग की शपथ।
सिकंदराबाद: सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत सिकंदराबाद के औद्योगिक क्षेत्र स्थित अल्ट्राटेक कंपनी परिसर में गुरुवार को सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वाहन चालकों और कर्मचारियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिम्मेदार व्यवहार को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम के दौरान कंपनी परिसर में संचालित होने वाले वाहनों के चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, शराब पीकर वाहन न चलाने तथा वाहनों की नियमित तकनीकी जांच जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। साथ ही सभी उपस्थित चालकों और कर्मचारियों को सुरक्षित ड्राइविंग की शपथ भी दिलाई गई।

अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। थोड़ी सी लापरवाही बड़े हादसों का कारण बन सकती है, जबकि सतर्कता और अनुशासन से दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

अल्ट्राटेक कंपनी प्रबंधन ने बताया कि कंपनी परिसर में शून्य दुर्घटना के लक्ष्य को लेकर समय-समय पर इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। सड़क सुरक्षा माह के माध्यम से कर्मचारियों और वाहन चालकों को यह संदेश दिया गया कि सुरक्षित यातायात सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।


कार्यक्रम में कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही। इस अवसर पर तरनजीत सिंह (यूनिट हेड), प्रदीप तिवारी (प्लांट लॉजिस्टिक्स हेड), प्रवीण तोमर (लॉजिस्टिक्स), देवप्रिया पात्रा (लॉजिस्टिक्स), ओमवीर शर्मा (लॉजिस्टिक्स), उत्तम कुमार सिंह (एचआर हेड) एवं अभिषेक भट्टाचार्य (लॉजिस्टिक्स) विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी चालकों एवं कर्मचारियों ने स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। बताया गया कि अल्ट्राटेक कंपनी में सड़क सुरक्षा माह के तहत यह जागरूकता अभियान 15 जनवरी से 21 जनवरी 2026 तक संचालित किया जाएगा।
