सिकंदराबाद: रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सिकंदराबाद नगर द्वारा चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के उपलक्ष्य में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती विद्या मंदिर में स्वयंसेवकों के एकत्रीकरण से हुई, जहां आद्य सरसंघचालक प्रणाम एवं दीप प्रज्वलन के साथ आयोजन का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर प्रांत शारीरिक शिक्षण प्रमुख राजेश ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए संगठन के मूल्यों और अनुशासन पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर संघचालक अनिल मोघा ने की। मुख्य शिक्षक पवन गुप्ता एवं परिचय पूरन दत्त शर्मा द्वारा कार्यक्रम का संचालन किया गया। एकल गीत गिरधर एवं “अमृत वचन संचित की प्रस्तुति के बाद बौद्धिक कार्यकर्ता ने अपने विचार रखे।
पथ संचलन सरस्वती विद्या मंदिर से प्रारंभ होकर मुख्य बाजार, चौधरी वाड़ा, दनकौर रोड, परशुराम चौक और पवन कुटीर मार्ग से होते हुए पुनः विद्या मंदिर पर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में नगरवासियों ने जगह-जगह फूल बरसाकर एवं “भारत माता की जय” के जयकारों के साथ स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में नगर के बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने सहभागिता कर संगठन के प्रति अपनी निष्ठा और अनुशासन का परिचय दिया।
इस अवसर पर विधायक लक्ष्मीराज सिंह,ओम नारयण शर्मा, एडवोकेट नितिन गर्ग, डॉ. नरेश शर्मा, अनिरुद्ध शास्त्री, सतीश गर्ग, नवीन गुप्ता, धर्मेंद्र, वेद प्रकाश गुप्ता, विनोद, गणेश दीक्षित, मनोज, राणा, प्रशांत और केशव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
