Search

सिकंदराबाद: ‘खूनी कट’ फिर खुला, सुरक्षा इंतजाम अब भी नदारद

430 Views

सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र का चार नंबर कट, जिसे ‘खूनी कट’ कहा जाता है, बिना स्थायी सुरक्षा व्यवस्था के फिर खोल दिया गया है। हादसों को लेकर सवाल खड़े।


सिकंदराबाद: औद्योगिक क्षेत्र स्थित चार नंबर कट, जिसे स्थानीय लोग “खूनी कट” के नाम से जानते हैं, एक बार फिर यातायात के लिए खोल दिया गया है। हाल ही में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के कारण पुलिस ने इस कट को बंद किया था, लेकिन अब बिना किसी स्थायी सुरक्षा व्यवस्था के इसे दोबारा खोल दिया गया है।

कट बंद रहने के दौरान स्थानीय लोगों और औद्योगिक इकाइयों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी दबाव के चलते पुलिस ने इसे अस्थायी रूप से खोलने का निर्णय लिया। हालांकि, सवाल यह है कि क्या सुविधा के नाम पर लोगों की जान जोखिम में डाली जा रही है।

पिछले कुछ महीनों में इसी कट पर कई गंभीर हादसे हो चुके हैं। कंटेनर और कैंटर की टक्कर में एक चालक की मौत, भारी माल से लदे ट्रकों के पलटने और लगातार लगने वाले जाम ने इस कट को बेहद खतरनाक बना दिया है।

इसके बावजूद मौके पर न तो स्पीड कंट्रोल के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और न ही कोई स्थायी ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान लागू किया गया है।

कट बंद रहने के दौरान ओरिएंटबेल अंडरपास और सर्विस रोड पर जाम की स्थिति बनी रही, जिससे यह साफ हो गया कि प्रशासन के पास वैकल्पिक यातायात व्यवस्था की कोई ठोस योजना नहीं है।

अंडरपास ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी किनारे खड़े नजर आए। कैमरे से तस्वीरें लिए जाने पर वे जाम को सुचारु कराने के लिए आगे बढ़े। इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने कहा कि यह समस्या रोज की हो चुकी है। उनका कहना था कि “हम कहां तक इस समस्या को दूर करें, यहां हर दिन जाम लगता है।”

विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने बताया कि यह कट फिलहाल अस्थायी रूप से खोला गया है और जल्द ही यहां फ्लाईओवर निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। लेकिन तब तक अगर कोई बड़ा हादसा होता है, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा—यह सवाल अब भी बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुविधा जरूरी है, लेकिन जान से बढ़कर कुछ नहीं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस “खूनी कट” को लेकर स्थायी और सुरक्षित समाधान कब तक लागू करता है।


क्या आप \"Jni News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?
Spread the love

Published On

Leave a Comment