सिकंदराबाद। कोतवाली क्षेत्र के हाइवे किनारे गांव में घर के आगे खाट पर सो रहे वृद्ध के ऊपर चालक ने आम से लदे पिकअप को चढा दिया। उपचार को ले जाते समय वृद्ध की मौत हो गयी। हादसे में घर के आगे खड़ी कार के परखच्चे उड़ गये। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।
क्षेत्र के गांव लालपुर निवासी 65 वर्षीय सोहनलाल पुत्र तोताराम रविवार की देर रात हाइवे-34 किनारे अपने घर के आगे बड़े पुत्र सुशील के साथ दोनों अलग-अलग खाट पर साे रहे थे। करीब पौने बारह बजे सुशील अपने चचेरे भाई सतीश पुत्र चतरपाल के मकान में खाट को खड़ा उसके पास सोने चला गया।
इस दौरान करीब सवा बारह बजे बुलंदशहर की ओर से आम से लदे पिकअप वाहन चालक ने वृद्ध सोहनलाल को रौंदते हुए वहां खड़ी छह महीने पहले खरीदी गयी नई वेगनआर कार को टक्कर मारते हुए सतीश के घर में घुस गयी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गयी। हादसे सोहनलाल के साथ सतीश व मोहित घायल हो गये। हादसे की तेज आवाज सुनकर स्वजन व ग्रामीण बड़ी संख्या में एकत्र हो गये और आरोपी चालक को पकड़कर उसकी धुनाई कर दी।
पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी अमित जावला ने आरोपित चालक को हिरासत में लेते हुए पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया। आनन-फानन घायलों को पुलिस ने उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद सतीश व मोहित को चिकित्सकों ने छुट्टी देकर घर भेज दिया। मृतक के परिजनों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गयी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई करने की बात कही है।
