सिकंदराबाद: नगर की पक्का बाग कॉलोनी में सड़क लंबे समय से टूटी पड़ी है, जिससे नालियों का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैल गया है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं और नाली का पानी उन्हीं गड्ढों में भर जाने से लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि लोग किनारे से भी सही से निकल नहीं पा रहे हैं। कॉलोनी वालों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार समाधान दिवस और नगर पालिका में शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे कॉलोनी में डेंगू व अन्य बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। टूटी सड़क और भरे पानी के कारण बच्चों को रोजाना दूसरे रास्तों से स्कूल जाना पड़ता है।
कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और नालियों की सफाई कराने की मांग की है ताकि लोगों को राहत मिल सके।
