बुलंदशहर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निराश्रित और गरीब बच्चों की मदद के लिए साथी यूनिट का गठन किया गया। 15 दिन में बच्चों के आधार कार्ड बनेंगे, शिक्षा व सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिलेगा।
बुलंदशहर: जनपद में गरीब एवं निराश्रित बच्चों को शिक्षा, आधार कार्ड और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने ठोस कदम उठाए हैं। अधिवक्ताओं और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की सहभागिता से साथी यूनिट का गठन किया गया है।

सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (न्याय कक्ष संख्या-7) शहजाद अली ने बताया कि जनपद के किसी भी निराश्रित बच्चे को शिक्षा और योजनाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। इसके लिए गांव-गांव और कस्बों में सर्वे अभियान चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि जिन बच्चों का अभी तक आधार कार्ड नहीं बन पाया है, ऐसे बच्चों को खोजकर 15 दिन के अंदर आधार कार्ड बनवाए जाएंगे और उनकी सूची कार्यालय में जमा कराई जाएगी। साथ ही उन्हें न केवल शिक्षा से जोड़ा जाएगा बल्कि आवश्यकतानुसार कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
साथी यूनिट में जिला बाल संरक्षण अधिकारी, नायब तहसीलदार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी, थाना एएचटीयू के उप निरीक्षक, राजकीय संप्रेषण गृह के सहायक अधिकारी तथा अधिवक्ता शैलेंद्र कुमार, लोकेश कुमार, इकबाल अहमद व राबिया खातून शामिल किए गए हैं। ये अधिकारी और अधिवक्ता मिलकर निराश्रित बच्चों की समस्याओं का समाधान करेंगे और अपने-अपने विभागों के माध्यम से कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
शहजाद अली ने स्पष्ट किया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्राथमिकता है कि जनपद का कोई भी निराश्रित बच्चा शिक्षा, कानूनी सहायता और सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए।
