Search

सिकंदराबाद: अतिक्रमण और गंदगी पर एसडीएम सख्त अधिकारियों को तत्काल अतिक्रमण हटाने और सफाई सुधारने के निर्देश

301 Views

सिकंदराबाद: नगर पालिका क्षेत्र में अतिक्रमण और गंदगी को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद बुधवार दोपहर उपजिलाधिकारी दीपक कुमार पाल ने नगर क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर अतिक्रमण की वास्तविक स्थिति देखी और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसडीएम ने साफ शब्दों में कहा कि नगर क्षेत्र में अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटवाया जाए और दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अतिक्रमण के कारण आमजन को आवागमन में हो रही परेशानी को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने नगर पालिका की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। कई स्थानों पर गंदगी और कूड़ा जमा पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और नगर पालिका अधिकारियों को सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखना नगर पालिका की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

एसडीएम दीपक कुमार पाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र में नियमित निगरानी की जाए, ताकि अतिक्रमण दोबारा न पनपने पाए। साथ ही, आमजन की ओर से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य जनता को सुविधा देना है और इसके लिए सभी विभागों को समन्वय बनाकर कार्य करना होगा।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका और राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। एसडीएम ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में अतिक्रमण और गंदगी को लेकर शिकायतें सामने आती हैं, तो जिम्मेदारी तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से नगरवासियों में व्यवस्था सुधरने की उम्मीद जगी है।


क्या आप \"Jni News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?
Spread the love

Published On

Leave a Comment