Search

सिकंदराबाद: हिंदू–मुस्लिम एकता के प्रतीक अल्हाज बाबा सैयद फ़रीदुद्दीन शाह मिस्कीनी ताजी साबरी का चौथा वार्षिक उर्स संपन्न

465 Views

सिकंदराबाद: हिंदू–मुस्लिम एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देने वाले अल्हाज बाबा सैयद फ़रीदुद्दीन शाह मिस्कीनी ताजी साबरी का एक दिवसीय चौथा वार्षिक उर्स बुधवार को श्रद्धा एवं शांति पूर्वक कुल शरीफ की रस्म के साथ संपन्न हुआ। कड़ाके की सर्दी के बावजूद दूर-दराज़ से आए सैकड़ों अनुयाई और अक़ीदतमंद दरगाह पहुँचकर बाबा फ़रीद शाह मिस्कीनी के मज़ार पर चादर व पुष्प अर्पित कर नमन किया।

उर्स का आगाज़ सुबह कुरान ख़्वानी के साथ हुआ। शाम को फातेहा के बाद संदल एवं चादर का जुलूस सज्जादानशीन सैयद शाह हुसैन मिस्कीनी ताजी के नेतृत्व में दरगाह हाजी बाबा मिस्कीन शाह रहमतुल्लाह अलैह पहुँचा। यहाँ सज्जादानशीन सैयद शाह हुसैन मिस्कीनी, ख़लीफ़ा व जानशीन सैयद सज्जाद शाह मिस्कीनी सहित बाबा फ़रीदुद्दीन शाह मिस्कीनी ताजी साबरी के मुरीदों ने मज़ार पर चादर चढ़ाकर अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी।

उर्स के मुख्य आकर्षण में सूफ़ियाना क़व्वाली रही। विभिन्न प्रसिद्ध क़व्वालों ने कलाम पेश कर माहौल को आध्यात्मिक रस में भर दिया। लईक ताज क़व्वाल सिकंदराबाद, ज़मीर क़व्वाल अमरोहा सहित कई क़व्वालों ने अपनी प्रस्तुति से उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। रात्रि में गौस मंज़िल में मीलाद शरीफ़, नात और तक़रीर का आयोजन भी किया गया, जिसमें उलेमा, शायरों और सूफ़िया ने अपने कलाम से महफ़िल को रौशन किया।

सज्जादानशीन सैयद शाह हुसैन मिस्कीनी ताजी साबरी ने देश की एकता, सद्भाव, खुशहाली और अमन के लिए विशेष दुआ कराई। उर्स में हज कमेटी उत्तर प्रदेश सरकार के सदस्य कामरान खान, राष्ट्रीय सचिव अंजुमन फ़ैज़ाने औलिया खलील अहमद साबरी, तालिब खान, सूफी इमदाद शाह, आफ़ताब खान, सूफी फजलुर्रहमान लुत्फी, समीर लुत्फी, रिहान साबरी, साबरी खान मिस्कीनी, सैयद सज्जाद शाह मिस्कीनी, सैयद आतिफ शाह मिस्कीनी, अब्दुल समद मिस्कीनी, अब्दुल हमीद मिस्कीनी, सूफी नर्मदा प्रसाद कटारी, गुलाम ताजुद्दीन, हनीफ खान, रफीक मिस्कीनी, हाजी खलील मिस्कीनी, शकील अहमद, सिद्दीक़ खाँ, यूसुफ खाँ, आमिर ज़ैदी, सैयद मखदूम मिस्कीनी, सूफी शरीफ़ अहमद, बादशाह मिस्कीनी, सूफी शाकिर ग़ाज़ी, सलीम अल्वी, मक़सूद जालिब सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न होने पर व्यवस्थापक और स्थानीय लोग संतोष व्यक्त करते दिखे।


क्या आप \"Jni News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?
Spread the love

Published On

Leave a Comment