सिकंदराबाद: होली पर्व के मद्देनज़र शहर में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। इसी क्रम में मंगलवार को एसडीएम और सीओ ने पुलिस बल के साथ सिकंदराबाद में फ्लैग मार्च किया।

फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। इस दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापारियों और आम नागरिकों को किसी भी अफवाह से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी।

एसडीएम संतोष जगराम ने कहा कि “होली भाईचारे का पर्व है और इसे सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाना चाहिए। अगर किसी ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी”

सीओ पूर्णिमा सिंह ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए और कहा कि गश्त बढ़ाई जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

प्रशासन ने होली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की है। शहरवासियों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की गई है।
