सिकंदराबाद: महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को श्री महाराजा अग्रसेन सेवा समिति (रजि.) के तत्वावधान में नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शाही बग्गी में विराजमान महाराजा अग्रसेन जी की झांकी, 18 राजकुमारों की शाही सवारी और आकर्षक धार्मिक झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ अंतरराष्ट्रीय वैश्य संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय अग्रवाल ने नारियल फोड़कर और भगवान गणेश की आरती कर किया। शोभायात्रा में माता लक्ष्मी, माता सरस्वती, राधा-कृष्ण, राम दरबार, भगवान शिव और माता महाकाली की झांकियां शामिल रहीं। बैंड-बाजों और शहनाइयों की धुनों के बीच निकली शोभायात्रा को देखने के लिए नगरवासियों की भीड़ उमड़ पड़ी।

वैश्य बंधु सम्मान समारोह में एकजुटता का संदेश
शोभायात्रा के बाद आयोजित वैश्य बंधु सम्मान समारोह में समाज की एकजुटता, सेवा और सामाजिक समरसता पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को अपनाकर समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया। समारोह में समाज के प्रतिष्ठित लोगों का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम में गाजियाबाद की महापौर सुनीता दयाल, विधायक लक्ष्मीराज सिंह, अंतरराष्ट्रीय वैश्य संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय अग्रवाल, खुर्जा नगर पालिका अध्यक्ष के पति भगवान दास सिंघल, ककोड़ नगर पंचायत अध्यक्ष मोहित सिंघल और भाजपा नगर अध्यक्ष त्रिवेश राम गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
अंत में श्री महाराजा अग्रसेन सेवा समिति ने अतिथियों, समाज के बंधुओं, सहयोगियों और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।
