बुलंदशहर के स्याना क्षेत्र में तेंदुए का आतंक थम नहीं रहा है। बीते दिनों एक तेंदुए का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद अब गुरुवार को खेत पर जाते समय एक किसान पर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुए के हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। किसान शोर मचाने पर आसपास के खेतों में कार्य कर रहे लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। भीड़ के शोर मचाने पर तेंदुआ किसान को छोड़ भाग गया। गंगा खादर के आसपास क्षेत्र में तेंदुए के घूमने के वीडियो सोशल मीडिया पर आए दिन वायरल होते रहते हैं। गांव बरवाला,चंदियाना में गुरुवार को खेत पर जाते समय एक किसान पर तेंदुए ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में किसान को उपचार के लिए निजी चिकित्सालय ले जाया गया। वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
नरसेना थाना प्रभारी ने बताया, किसान को भर्ती कराया गया है। तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम रेस्क्यू कर रही है। पिंजरे लगाकर वन विभाग की टीम तेंदुए को जल्द पकड़ लेगी। क्षेत्र में तेंदुआ द्वारा हमले किए जाने के बाद किसानों में दहशत है। किसान खेतों पर जाने से डर गए हैं। तेंदुए का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उधर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची है। तेंदुए को पकड़ने के लिए टीम रणनीति बना रही है।

