Search

ककोड़: दुर्घटना में तीन की मौत; तड़के 4 बजे काम से घर लौटते वक्त बुलंदशहर रोड पर हुआ हादसा

Share Now :

WhatsApp
1,142 Views

ककोड़: बुलंदशहर रोड पर एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा शुक्रवार तड़के सुबह चार बजे ककोड़ के पास पप्पू प्रधान की दूध डेयरी के सामने हुआ,जब तेज़ रफ्तार कार ने पीछे से बाइक को ज़ोरदार टक्कर मार दी। बाइक पर सवार तीनों युवक शादी समारोह में हलवाई का काम करके अपने गांव लौट रहे थे। इस दुर्घटना में मौके पर ही तीनों युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले तीन युवक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनकी पहचान इस प्रकार की गई है:

1. रिकू (24 वर्ष) पुत्र राजवीर,निवासी गाँव दस्तूरा,थाना ककोड़

2. सचिन (28 वर्ष) पुत्र चरन सिंह,निवासी गाँव दस्तूरा,थाना ककोड़

3. डब्बू (18 वर्ष) पुत्र छोटेलाल,निवासी गाँव सीकरी,थाना खुर्जा नगर

डब्बू, सचिन का साला था,और तीनों युवक गौतमबुद्ध नगर जिले के थाना रबूपरा के गाँव थिरथली से एक शादी समारोह में हलवाई का काम करके वापस लौट रहे थे।

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर घर की ओर लौट रहे थे। जैसे ही वे बुलंदशहर रोड पर पहुंचे,पीछे से आ रही एक तेज़ रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस की कार्रवाई

ककोड़ थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हादसे में शामिल कार का नंबर पुलिस को मिल गया है, जिसके आधार पर चालक की पहचान की जा रही है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। तीनों युवक अपने परिवारों के लिए कमाने वाले थे और उनकी अचानक मौत से पूरे गाँव में शोक की लहर दौड़ गई है।

परिवार और गांव में मातम

सचिन और रिंकू की शादी हो चुकी थी और वे अपने परिवार के पालन-पोषण के लिए मेहनत-मजदूरी करते थे। डब्बू अभी सिर्फ 18 साल का था और उसने हाल ही में काम करना शुरू किया था। उसकी मौत से उसका परिवार पूरी तरह टूट गया है।

Spread the love

Published On

Leave a Comment