सिकंदराबाद: नववर्ष के उपलक्ष्य में जेएस पीजी कॉलेज के तत्वावधान में हाईवे-34 स्थित स्वामी दयाल भटनागर कॉलेज के ऑडिटोरियम में एक भव्य कवि सम्मेलन एवं मुशायरे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रसिद्ध कवियों और शायरों ने अपनी ओजस्वी कविताओं और मनमोहक शेरो-शायरी से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एमएलसी श्रीचंद शर्मा, विशिष्ट अतिथि विधायक लक्ष्मीराज सिंह तथा नगर पालिका चेयरमैन डॉ. प्रदीप दीक्षित द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधन की ओर से प्रबंधक नितिन भटनागर ने सभी अतिथियों एवं कवियों का शाल व स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।

कवि सम्मेलन में देशभक्ति, हास्य, श्रृंगार और सामाजिक सरोकारों पर आधारित रचनाओं ने समां बांध दिया। पिलखुवा से आए हास्य कवि बलवीर सिंह खिचड़ी ने अपनी चुटीली कविताओं से श्रोताओं को हंसी से लोटपोट कर दिया। वहीं अक्षय प्रताप ‘अक्षय’ ने देशभक्ति से ओत-प्रोत कविता पाठ कर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

विश्व प्रसिद्ध कवयित्री हिमांशी बाबरा ने अपनी प्रभावशाली शेरो-शायरी से श्रोताओं का दिल जीत लिया। इसके अलावा अलीगढ़ से आए जॉनी फास्टर और डॉ. दौलत राम शर्मा ने भी अपनी सशक्त कविताओं के माध्यम से श्रोताओं से भावनात्मक जुड़ाव स्थापित किया। कवि दीपहंस दीपक एवं कवयित्री नुसरत नूर बानो की रचनाओं ने भी खूब सराहना बटोरी।
कवियों की प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम देर शाम तक चला और नववर्ष के उल्लास को यादगार बना गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. फ़ारूक़ ख़ान ने किया।

कार्यक्रम के अंत में कॉलेज सचिव नितिन भटनागर ने कवि सम्मेलन एवं मुशायरे में पधारे सभी कवियों, अतिथियों और दर्शकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रो. स्वप्ना उप्रेती, राम मोहन वशिष्ठ, नीलम द्विवेदी, सचिन कुमार, दीपक द्विवेदी, मयंक सक्सेना, अतुल गौतम, राजेंद्र शर्मा, उमेश सक्सेना, दीपक शर्मा, आदर्श भूषण, राजकुमार शर्मा सहित समस्त कॉलेज स्टाफ मौजूद रहा।
