सिकंदराबाद पुलिस ने दीपावली से पहले अवैध पटाखों की बड़ी खेप के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से दो कट्टे और आठ कार्टन प्रतिबंधित पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया।
सिकंदराबाद : दीपावली से पहले सिकंदराबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से पटाखे बेचने की तैयारी कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से दो कट्टे और आठ कार्टन प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए हैं।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान जाट चौक के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति कुछ पेटियाँ लिए संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम चिंटू पुत्र हरीश निवासी बड़ी होली, कायस्थवाड़ा, सिकंदराबाद बताया।
तलाशी में पुलिस को मोर पंखा, अनार बम, सुतली बम, हवाई शॉट, फूलझड़ी, चकरी, साप गोली समेत बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे मिले। आरोपी ने बताया कि वह इन पटाखों को सस्ते दामों में खरीदकर दीपावली पर अधिक मुनाफे में बेचने की योजना बना रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास पटाखे बेचने का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
कोतवाली प्रभारी अनिल कुमार शाही ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी की पूरी वीडियो रिकॉर्डिंग की गई है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
दीपावली के मद्देनज़र पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में अवैध पटाखों की बिक्री पर सख्त निगरानी और कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।
