एचपीसीएल ने सिकंदराबाद में सीएसए चंद्र प्रकाश शर्मा को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिवार को 20 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की।
सिकंदराबाद: हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने मेसर्स सावन फिलिंग स्टेशन के ग्राहक सेवा सहायक (CSA) चंद्र प्रकाश शर्मा की शहादत पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।

गत 9 अप्रैल 2025 की रात को सुरक्षा प्रोटोकॉल और मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन करते हुए उन्होंने प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल देने से मना कर दिया था। इस साहसिक कदम पर अपराधियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। खतरों के बावजूद कर्तव्य पर अडिग रहकर उन्होंने ईमानदारी और समर्पण की मिसाल पेश की।

उनके निधन से न सिर्फ HPCL परिवार बल्कि पूरे समाज ने एक समर्पित कर्मचारी को खो दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी पूजा शर्मा और 5 वर्षीय बेटी को छोड़ गए हैं।


मानवीय एकजुटता का परिचय देते हुए HPCL के उत्तर मध्य क्षेत्रीय कार्यालय ने शोक संतप्त परिवार के लिए 20 लाख रुपये की अनुग्रह राशि स्वीकृत की। गुरुवार को सावन फिलिंग स्टेशन पर आयोजित चेक हस्तांतरण समारोह में आगरा रिटेल क्षेत्रीय कार्यालय के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक आकाश दीप तिवारी, एनसीजेड के मानव संसाधन प्रमुख मधुकर कैथा, क्षेत्रीय बिक्री प्रबंधक सुकृति श्रोत्रिय और मानव संसाधन प्रबंधक मोहम्मद खासिम उपस्थित रहे।
एचपीसीएल ने चंद्र प्रकाश शर्मा की वीरता और कर्तव्यनिष्ठा को नमन करते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की।
