Search

सिकंदराबाद: मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना में ट्रैक्टर मिलने से किसानों के चेहरे खिले

259 Views

सिकंदराबाद: मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के अंतर्गत ट्रैक्टर कूपन में ट्रैक्टर निकलने से किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई। मंडी परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित इस कल्याणकारी योजना के तहत 8 दिसंबर 2025 को मेरठ कमिश्नरी में लकी ड्रॉ का आयोजन किया गया था, जिसमें सिकंदराबाद मंडी से जुड़े दो किसानों का चयन ट्रैक्टर पुरस्कार के लिए हुआ।

कृषि उत्पादन मंडी समिति सिकंदराबाद के माध्यम से कूपन अर्जित करने वाले राजेंद्र सिंह पुत्र श्रीराम, निवासी ग्राम चीती, जनपद गौतमबुद्ध नगर तथा संत सिंह पुत्र हरपाल सिंह, निवासी ग्राम शेखपुर, जनपद हापुड़ के नाम ट्रैक्टर कूपन में निकले। दोनों किसान नियमित रूप से अपनी सब्जी व कृषि उपज को बेचने के लिए सिकंदराबाद मंडी आते थे और इसी दौरान मंडी समिति द्वारा जारी कूपन एकत्र किए थे।

जानकारी के अनुसार संत सिंह के पास लगभग 15 बीघा कृषि भूमि है, जिस पर वे सब्जियों की खेती करते हैं और उपज को सिकंदराबाद सब्जी मंडी में विक्रय करते हैं। वहीं राजेंद्र सिंह के पास लगभग 35 बीघा कृषि भूमि है, जिस पर वे गेहूं सहित अन्य फसलों की खेती करते हैं। लकी ड्रॉ में ट्रैक्टर निकलने की सूचना मिलते ही दोनों किसानों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

बताया गया कि मेरठ मंडल स्तर पर कुल 6 किसानों को ट्रैक्टर पुरस्कार के रूप में प्राप्त हुए, जबकि सिकंदराबाद मंडी से जुड़े अन्य किसानों को सेट पंप, पावर लिफ्टिंग मशीन और मिक्सर-ग्राइंडर जैसे उपयोगी उपहार भी प्रदान किए गए।

इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक लक्ष्मीराज एवं एसडीएम ने संयुक्त रूप से दोनों किसानों को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी और उन्हें बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान किसानों ने मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना को किसानों के हित में एक सराहनीय पहल बताया। इस दौरान मंडी सचिव राजेश प्रसाद, राजेंद्र यादव सहित मंडी समिति के कर्मचारी उपस्थित रहे।


क्या आप \"Jni News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?
Spread the love

Published On

Leave a Comment