भराना गांव में सत्य चंडी महायज्ञ का तृतीय दिवस सम्पन्न
सिकंदराबाद : सिकंदराबाद क्षेत्र के ग्राम भराना में चल रहे श्री सत्य चंडी महायज्ञ के तृतीय दिवस पर आर्यावर्त विश्व सनातन विकास परिषद के राष्ट्रीय संरक्षक एवं आश्रम महंत स्वामी वेद मूर्ति फलारी महाराज ने कहा कि मधुर वाणी से ही मधुर संबंधों के फूल खिलते हैं। उन्होंने कहा कि जैसे बगीचे की मिट्टी और खाद उत्तम हो परंतु पानी खारा हो तो फूल नहीं खिलते, वैसे ही यदि हमारे कर्म और भाव अच्छे हों लेकिन वाणी कठोर हो, तो जीवन में मधुर संबंध नहीं पनप सकते। इसलिए सभी को अपनी वाणी में मिठास रखनी चाहिए।
महायज्ञ में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर परिक्रमा की। मुख्य यजमानों ने परिवार सहित विधि-विधान से यज्ञ में भाग लेकर सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर आचार्य सुनील पाराशर की संपूर्ण टीम, पंडित आशीष उपाध्याय, सनातन धर्म रक्षक कृष्णकांत महाराज, परिषद के राष्ट्रीय पदाधिकारी, सदस्यगण तथा यजमान परिवार सहित उपस्थित रहे। भराना गांव सहित आस-पास के क्षेत्रवासियों ने भी यज्ञ में भाग लेकर परिक्रमा की और धार्मिक आयोजन को सफल बनाया।
प्रसाद वितरण में रोहित, जीते, अरविंद, रिंकू, अनिल एवं पवन सहित अनेक श्रद्धालुओं का भावपूर्ण सहयोग रहा।
