बुलंदशहर: चोला पुलिस को बड़ी सफलता मिली। 11-12 मार्च 2025 की रात को पुलिस टीम ग्राम ख्वासपुर में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान, ग्राम बंचावली की ओर से एक संदिग्ध गाड़ी आती दिखी। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो वाहन नहीं रुका और तेज गति से बंचावली की ओर भागने लगा।
पुलिस ने किया पीछा, बदमाशों ने की फायरिंग
पुलिस ने गाड़ी का पीछा किया, लेकिन कुछ दूरी पर ग्राम सुल्तानपुर जाने वाले रास्ते पर वाहन अनियंत्रित होकर एक अधबने कमरे से टकरा गया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश मनीष उर्फ मन्नी (निवासी भलस्वा सदाकंज कॉलोनी, थाना भलस्वा डेरी, दिल्ली) घायल हो गया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार और चोरी की बकरियां बरामद
पुलिस ने मौके से मनीष और उसके साथी सुजल (निवासी मंगोलपुरी, थाना राजपाठ, नई दिल्ली) को गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार, कारतूस, चोरी की गई बकरियां और घटना में प्रयुक्त गाड़ी बरामद की है।
शातिर चोरों का गिरोह सक्रिय
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार बदमाश शातिर अपराधी हैं, जो जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और इनके अन्य साथियों की तलाश जारी है।