बुलंदशहर: महाकुम्भ प्रयागराज–2025 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन में उत्कृष्ट योगदान देने पर जनपद बुलन्दशहर में तैनात क्षेत्राधिकारी सिकन्द्राबाद भास्कर कुमार मिश्रा को उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महाकुम्भ सेवा मेडल से सम्मानित किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलन्दशहर दिनेश कुमार सिंह ने अपने कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सीओ भास्कर कुमार मिश्रा को यह सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर एसएसपी ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि महाकुम्भ जैसे विशाल एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन में पुलिस अधिकारियों द्वारा निभाई गई जिम्मेदारियां उनकी कार्यकुशलता, अनुशासन और प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
एसएसपी ने बताया कि महाकुम्भ के दौरान कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा में सीओ भास्कर कुमार मिश्रा की भूमिका सराहनीय रही। उनके नेतृत्व और समन्वय से ड्यूटी को प्रभावी ढंग से संपन्न किया गया, जिसके लिए शासन स्तर पर यह सम्मान प्रदान किया गया है।
सम्मान प्राप्त करने पर सीओ भास्कर कुमार मिश्रा ने इसे पूरी पुलिस टीम की मेहनत का परिणाम बताते हुए वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
