Search

सीएम योगी ने डॉ.महेश शर्मा के लिए मांगे वोट,बोले-भारी मतों से विजयी बनाएं

Share Now :

WhatsApp
161 Views

बुलंदशहर:  मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने यूपी के बुलंदशहर मे चुनावी रैली में कहा कि आस्था,सुरक्षा और समृद्धि के लिए भाजपा आवश्यक है। सपा-बसपा व कांग्रेस के लोग कर्फ्यू वाले हैं। इनके राज में महीनों कर्फ्यू लगा रहता था पर आज प्रदेश में कर्फ्यू नहीं है। दंगा कराकर यह लोग प्रदेश को अस्त-व्यस्त करते थे। यह दंगा पॉलिसी चलाते थे,हम विकास की पॉलिसी चलाते हैं। हमारी सरकार में सामान्य प्रदेशवासियों को “राम-राम” और माफिया-अपराधियों के लिए “राम नाम सत्य” की यात्रा के रास्ते खुले रहेंगे। योगी ने कहा कि आज हम सभी नए भारत में हैं। 2014 के चुनाव के साक्षी लोग जानते हैं कि उस समय कैसा भारत था। वे वर्तमान पीढ़ी और नवोदित मतदाताओं को बताएं कि उसके पहले लोगों में आक्रोश,अविश्वास था। देश में आतंकवाद,नक्सलवाद,अलगाववाद सिर चढ़कर बोल रहा था। देश की सभी संस्थाओं में भ्रष्टाचार चरम पर था। युवा निराश और किसान आत्महत्या कर रहा था।

“आतंकवाद के खिलाफ बोलने को तैयार नहीं थे कांग्रेसी”

योगी ने कहा कि दस वर्ष में हमने बदलते भारत को देखा है। नक्सलवाद और आतंकवाद आदि समस्याओं का समाधान हुआ है। कांग्रेस ने समस्या दी। जम्मू समेत पूरे देश को आतंकवाद की चपेट में ला दिया। रोज विस्फोट होते थे,निर्दोष लोग मरते थे। परिवार तबाह हो जाते थे, लेकिन कांग्रेस के लोग तमाशबीन बने रहते थे। एक बार भी यह लोग आतंकवाद के खिलाफ बोलने को तैयार नहीं थे पर आज धारा-370 समाप्त हो गई।

“विकास का उदाहरण है जेवर एयरपोर्ट”

सीएम योगी ने कहा कि जेवर में बन रहा एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट विकास का उदाहरण है। इसका सबसे अधिक लाभ सिकंदराबाद व जेवर को मिलेगा। उन्होंने कहा कि देश-प्रदेश की अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हुई है। हम रैपिड रेल की सुविधा देने जा रहे हैं। मेट्रो आ रही है। रेल की कनेक्टिविटी,दादरी में डेडिकेटेड फ्रेड कॉरिडोर का जंक्शन,लॉजिस्टिक का देश का सबसे बड़ा केंद्र भी यहां बनने जा रहा है,जहां लाखों नौकरियां निकलेंगी।

“सरकार का दायित्व,बीमारी के कारण परिवार पर आर्थिक बोझ न आए”

सीएम योगी ने विकास योजनाओं को भी गिनाया। बोले कि उप्र में कोई बीमार हो गया। उसके पास आयुष्मान कार्ड नहीं है। सांसद-विधायक व पीड़ित ने पत्र लिख दिया तो सीधे अकाउंट में पैसा भेज दिया जाता है। बीमारी के कारण परिवार पर कोई आर्थिक बोझ न आए,सरकार इसका दायित्व और उपचार का खर्च वहन करने की जिम्मेदारी लेती है। सीएम ने कहा कि नोएडा,ग्रेनो व यमुना अथॉरिटी में बिल्डर-बायर्स की समस्याओं का निदान कराकर वर्षों से लंबित मामले समाप्त कराते हुए बायर्स को हक दिया जा रहा है।

“पहले देश नहीं, परिवार के हित के बारे में सोचने वाले लोग थे”

सीएम ने कहा कि पहले देश हित नहीं,बल्कि परिवार के बारे में सोचने वाले लोग थे। यह चुनाव स्वार्थ के परिवार बनाम मोदी के परिवार (140 करोड़ का भारत) के बीच है। सपा-बसपा और कांग्रेस के लोग अपने परिवार के बाहर सोच भी नहीं सकते। अब सुरक्षा-निवेश का बेहतर माहौल है। 500 वर्ष बाद रामलला को अपनी जन्मभूमि पर जन्मदिन मनाने का अवसर मिला। भगवान सूर्य की किरणों से तिलक होते सूर्यवंशी राम के अभिषेक को आपने देखा होगा। संपूर्ण सनातन उस आभा को देख आलोकित हो रहा था।

जनसभा की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसौदिया ने और संचालन जिलाध्यक्ष विकास चौहान और दीपक दुल्हेरा ने संयुक्त रूप से किया। मंच पर क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया,क्षेत्रीय प्रभारी,प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश,लोकसभा प्रत्याशी/सांसद डॉ.महेश शर्मा,लोकसभा संयोजक प्रणीत भाटी, विधायक लक्ष्मीराज सिंह,विधायक धीरेंद्र सिंह, विधायक तेजपाल नागर,विधायक मीनाक्षी सिंह, एमएलसी श्रीचंद शर्मा,एमएलसी नरेंद्र भाटी,जिपं अध्यक्ष डा.अंतुल तेवतिया,गौतमबुद्धनगर जिपं अमित चौधरी,गौतमबुद्धनगर जिलाध्यक्ष गजेंद्र मावी, महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता,पूर्व मंत्री मदन चौहान, रालोद जिलाध्यक्ष पंकज प्रधान,मीडिया प्रभारी संजय माहेश्वरी,पूर्व विधायक हरपाल सिंह,विजेंद्र सिंह, सांसद प्रतिनिधि सुरेश चंद शर्मा,जिला मंत्री अरविंद दीक्षित,पूर्व नगर पिंकी बोहरा,पंडित सचिन शर्मा आदि मौजूद रहे।

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दंपति भाजपा में शामिल

बुलंदशहर जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष हरेंद्र यादव उनकी पत्नी व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आशा यादव राष्ट्रीय लोकदल छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए।

Spread the love

Published On

Leave a Comment