बुलंदशहर में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के चलते जिलाधिकारी के निर्देश पर कक्षा 1 से 12 तक सभी बोर्डों के स्कूल 1 जनवरी 2026 तक बंद कर दिए गए हैं।
बुलंदशहर: जिले में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के चलते प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर बुलंदशहर जिले के सभी बोर्डों के कक्षा 1 से 12 तक के स्कूल 1 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं।
सोमवार सुबह जिले में घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घटकर लगभग 10 मीटर रह गई। सड़कों पर वाहन चालक हेडलाइट जलाकर बेहद धीमी गति से चलते नजर आए। शीतलहर के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और लोगों को रोजमर्रा के कामों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, जिले में न्यूनतम तापमान एक डिग्री गिरकर 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान तीन डिग्री गिरकर 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस था। मौसम वैज्ञानिकों ने फिलहाल ठंड और कोहरे से राहत मिलने की संभावना से इनकार किया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि महानिदेशक स्कूल शिक्षा और जिलाधिकारी के निर्देश पर बुलंदशहर जिले के सभी बोर्डों—यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई—के कक्षा 1 से 12 तक के विद्यालयों में 29 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है। यह निर्णय पूरी तरह से बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक ठंड और कोहरे के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सावधानी बरतें।
