सिकंदराबाद: निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में सोमवार दोपहर बीएलओ की एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण के दौरान बूथ लेवल अधिकारियों को फॉर्म-6 भरने की प्रक्रिया, मतदाता सूची में संशोधन से संबंधित कार्य, तथा नो-मैपिंग मामलों में जारी नोटिसों की तामील और उनकी रसीद ऑनलाइन अपलोड करने की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला में बीएलओ को यह भी बताया गया कि नोटिस तामील के समय कौन-कौन से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करना अनिवार्य है, जिससे निर्वाचन अभिलेखों में किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दस्तावेजों की सही जांच और समय पर अपलोडिंग निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए बेहद जरूरी है।
प्रशिक्षण सत्र में यह जानकारी भी साझा की गई कि नोटिसों से संबंधित मामलों की सुनवाई के लिए कुल 17 अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जो अपने-अपने निर्धारित कार्यालयों में बैठकर मामलों की सुनवाई करेंगे। पहली सुनवाई 21 जनवरी को आयोजित की जाएगी।
कार्यक्रम में एसडीएम दीपक कुमार पाल भी मौजूद रहे। उन्होंने बीएलओ को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्वाचन से जुड़े सभी कार्य निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूर्ण किए जाएं, ताकि मतदाता सूची शुद्ध और त्रुटिरहित रह सके।
