Search

सिकंदराबाद: मजबूत लोकतंत्र की तैयारी, 468 बीएलओ को मिला प्रशिक्षण

169 Views

सिकंदराबाद: शुक्रवार दोपहर विधानसभा क्षेत्र-64 सिकंदराबाद के बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के लिए नोटिस एवं मतदाता सूची से संबंधित कार्यों को लेकर एक व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में क्षेत्र के कुल 468 बीएलओ शामिल हुए।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान एसडीएम दीपक कुमार पाल ने बीएलओ को मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की प्रक्रिया, नियमों और आवश्यक सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फॉर्म-6 का उपयोग नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, स्थानांतरण तथा संशोधन से संबंधित मामलों में किया जाता है। इस पूरी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की त्रुटि न हो, इसके लिए बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

एसडीएम ने बीएलओ को फॉर्म-6 भरने की सही प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की जांच, आवेदकों से संवाद तथा समयबद्ध रूप से कार्य निष्पादन के बारे में विस्तार से समझाया। साथ ही मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण या संशोधन के दौरान नोटिस जारी करने की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया गया।

प्रशिक्षण में बताया गया कि यदि किसी मतदाता के नाम को लेकर आपत्ति या संदेह उत्पन्न होता है, तो संबंधित व्यक्ति को अनिवार्य रूप से नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए, जिससे मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

एसडीएम दीपक कुमार पाल ने बीएलओ से अपील की कि वे अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में जाकर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, त्रुटियों को सुधारने तथा आम नागरिकों को जागरूक करने का कार्य पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी और अद्यतन मतदाता सूची ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है।


क्या आप \"Jni News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?
Spread the love

Published On

Leave a Comment