सिकंदराबाद में तीन बीएलओ ने निर्धारित समय से पहले परिगणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटलाइजेशन पूरा किया। उत्कृष्ट कार्य पर एसडीएम दीपक कुमार पाल ने उन्हें प्रशस्ति पत्र व पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।
सिकंदराबाद: मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत उत्कृष्ट कार्य करते हुए निर्धारित समय से पहले शत-प्रतिशत परिगणना प्रपत्र ऑनलाइन करने वाले तीन बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को बुधवार को तहसील सिकंदराबाद में सम्मानित किया गया। उपजिलाधिकारी दीपक कुमार पाल ने हस्ताक्षरित प्रशस्ति पत्र प्रदान कर तीनों बीएलओ की सराहना की।

उपजिलाधिकारी ने बताया कि 4 नवंबर से बीएलओ घर-घर जाकर परिवार विवरण प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण कर रहे हैं। इसी क्रम में इन तीनों अधिकारियों ने रिकॉर्ड समय में अपने-अपने क्षेत्रों के सभी मतदाताओं के प्रपत्रों को डिजिटलाइज्ड कर उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

उन्होंने बताया कि सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थल संख्या 3 की बीएलओ सोमलता, मतदेय स्थल संख्या 274 की बीएलओ इंदु सिंह तथा मतदेय स्थल संख्या 333 की बीएलओ यशोदा ने निर्वाचन विभाग द्वारा तय तिथि 4 दिसंबर से पहले ही अपना लक्ष्य पूरा कर विभाग की कार्यक्षमता और प्रतिबद्धता का बेहतरीन परिचय दिया है।
इस उत्कृष्ट कार्य के लिए एसडीएम दीपक कुमार पाल ने तीनों बीएलओ को प्रशस्ति पत्र एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया।
