बीबीसी स्कूल सिकंदराबाद ने बीबीसी यंग हंट क्रिकेट टूर्नामेंट में जे.एम.एस. हापुड़ को आठ विकेट से हराया। राघव चोपड़ा की 49 रनों की धमाकेदार पारी और कार्तिकेय वार्ष्णेय के शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन ने दिलाई आसान जीत।
बुलंदशहर: डी.ए.वी. कॉलेज मैदान में आयोजित बीबीसी यंग हंट क्रिकेट टूर्नामेंट में सोमवार को खेले गए दूसरे मुकाबले में बी.बी.सी. स्कूल क्रिकेट टीम सिकंदराबाद ने जे.एम.एस. हापुड़ को एकतरफा खेल दिखाते हुए आठ विकेट से पराजित किया।
टॉस जीतकर जे.एम.एस. हापुड़ ने पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, लेकिन बी.बी.सी. टीम की धारदार गेंदबाजी के सामने उनकी पूरी टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही। हापुड़ की ओर से निकुंज ने सबसे अधिक 37 रन बनाए। बी.बी.सी. स्कूल की तरफ से शानदार गेंदबाजी करते हुए सौरिश चोपड़ा और कार्तिक वार्ष्णेय ने 3-3 विकेट झटके, जबकि सार्थक ने 2 विकेट अपने नाम किए। हापुड़ की टीम 82 रन पर सिमट गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बी.बी.सी. सिकंदराबाद की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। ओपनर राघव चोपड़ा ने ताबड़तोड़ अंदाज़ में 49 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जबकि ऋषभ ने 23 रन जोड़ते हुए टीम को मात्र 8 ओवर में ही जीत दिला दी।
मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले कार्तिकेय वार्ष्णेय को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें बी.बी.सी. स्कूल के डायरेक्टर राम चोपड़ा द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राम चोपड़ा, गौरव चोपड़ा, राजेश शर्मा (टोल सर), विजय सक्सेना, नाजिम सर, इलियास सैफी, बुलंदशहर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के मेंबर अमरीश गुप्ता, मुनेश गिरी, महेश गुप्ता, जहीर मलिक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
