सिकन्द्राबाद में अग्रवाल पाठशाला एसोसिएशन और नगरपालिका परिषद के बीच जमीन विवाद, एसोसिएशन ने लगाया क्रीडास्थल पर अवैध कब्जे का आरोप, मामला न्यायालय में विचाराधीन।
सिकंदराबाद: अग्रवाल पाठशाला एसोसिएशन और नगरपालिका परिषद के बीच जमीन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। एसोसिएशन का आरोप है कि नगरपालिका परिषद उनकी भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रही है।

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अग्रवाल पाठशाला एसोसिएशन के प्रबंधक अनिल कुमार अग्रवाल ने बताया कि गाटा संख्या 1506 में स्थित क्रीडास्थल की भूमि कॉलेज की छात्राओं के लिए आवंटित है। इसके बावजूद नगरपालिका प्रशासन उस पर कब्जा करने की कोशिश कर रहा है।

उन्होंने कहा कि इस मामले में सिविल वाद संख्या 250/2025 (अग्रवाल पाठशाला एसोसिएशन बनाम नगरपालिका परिषद, सिकंदराबाद आदि) न्यायालय में विचाराधीन है और न्यायालय के आदेश पर स्थल की जांच रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जा चुकी है।

अनिल कुमार अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मांग की कि नगरपालिका परिषद को क्रीडास्थल की भूमि पर कब्जा करने से रोका जाए, अन्यथा कॉलेज की छात्राओं के लिए बने इस मैदान का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। स्कूल प्रबंधन ने यह भी आरोप लगाया कि जमीनी विवाद में नगर पालिका अध्यक्ष हस्तक्षेप कर रहे हैं, जबकि इस मामले में केवल अधिशासी अधिकारी को ही आना चाहिए।
