सिकंदराबाद में अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं और अध्यापिकाओं ने खेल मैदान की जमीन बचाने के लिए सड़क जाम कर धरना-प्रदर्शन किया। प्रबंधन समिति ने प्रशासन पर जमीन हड़पने का आरोप लगाया।
सिकंदराबाद: अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं, अध्यापिकाओं और प्रबंध समिति ने शुक्रवार को सड़क जाम कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि एसडीएम सिकंदराबाद और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष बालिकाओं के खेल मैदान (क्रीड़ा स्थल) की जमीन को नगर पालिका के नाम हस्तांतरित करने की कोशिश कर रहे हैं।

कॉलेज प्रबंधन और छात्राओं ने कहा कि वर्षों से यह क्रीड़ा स्थल विद्यालय के उपयोग में है, लेकिन अब नगर पालिका इस पर कब्ज़ा करने की मंशा बना रही है। विरोध में छात्राओं ने नारेबाजी करते हुए सड़क पर बैठकर जमीन को विद्यालय के लिए सुरक्षित रखने की मांग की।

प्रदर्शन में भाजपा नगर अध्यक्ष त्रिवेश गुप्ता, अग्रसेन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दुर्गेश गर्ग, अग्रसेन डिग्री कॉलेज के प्राचार्य जितेंद्र कुमार शर्मा, अग्रसेन बेसिक स्कूल के प्रधानाचार्य के.पी. सिंह सहित अध्यापक और प्रबंध समिति के सदस्य मौजूद रहे।
विद्यालय प्रबंधक अनिल कुमार अग्रवाल ने कहा कि छात्राओं की खेलकूद गतिविधियों के लिए क्रीड़ा स्थल जरूरी है। यदि इसे पालिका को देने का प्रयास हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खसरा संख्या 1596 और 1590 अग्रवाल पाठशाला के नाम दर्ज है और बीच का मैदान बालिका कॉलेज का क्रीड़ा स्थल है।
धरना स्थल पर पहुंचे नगर अध्यक्ष त्रिवेश गुप्ता ने मौके से एसडीएम दीपक कुमार पाल से बात कर समस्या का समाधान निकालने की बात कही।
इस संबंध में ईओ शिवराज सिंह ने बताया कि मामले की जांच एसडीएम कर रहे हैं और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
