Search

बुलंदशहर जिला कारागार में न्यायमूर्ति का निरीक्षण, ओपन जिम का शुभारंभ

700 Views

बुलन्दशहर: इलाहाबाद उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायमूर्ति सिद्धार्थ ने शुक्रवार को बुलंदशहर जिला कारागार का निरीक्षण किया। सुबह से दोपहर तक चले इस दौरे में उन्होंने जेल की सुरक्षा, चिकित्सा, स्वच्छता, भोजन तथा प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिला जज मंजीत सिंह श्योराण, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुनील कुमार त्रिपाठी एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर शंकर प्रसाद भी उपस्थित रहे। न्यायमूर्ति ने नवागंतुक अहाते के बाहर ओपन जिम का उद्घाटन किया और रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

उन्होंने जेल में संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। इसके पश्चात उन्होंने अस्पताल वार्ड में भर्ती बंदियों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की स्थिति की जानकारी ली।

महिला वार्ड में न्यायमूर्ति ने महिला बंदियों से वार्ता कर उनके केस की स्थिति, जीवनशैली और प्रशिक्षण की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं को दिए जा रहे हस्तशिल्प एवं सिलाई कढ़ाई जैसे प्रशिक्षणों की भी प्रशंसा की। साथ ही जेल में रह रहे बच्चों को स्नैक्स और उपहार प्रदान कर उनका मनोबल बढ़ाया।

निरीक्षण के अंत में न्यायमूर्ति सिद्धार्थ ने जेल प्रशासन द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं को संतोषजनक बताया और सुधारात्मक दृष्टिकोण से की जा रही पहलों की प्रशंसा की।

[democracy id=”current”]

Spread the love

Published On

Leave a Comment