Search

सिकंदराबाद में अफवाहों पर नगर पालिका की चेतावनी, मोहल्ला भाटियावाड़ा का नाम नहीं बदला गया

948 Views
सिकंदराबाद नगर पालिका ने स्पष्ट किया है कि मोहल्ला भाटियावाड़ा का नाम नहीं बदला गया है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी जारी की गई है।

सिकंदराबाद : नगर पालिका परिषद सिकंदराबाद ने हाल ही में शहर में फैल रही एक भ्रामक अफवाह पर सख्त रुख अपनाते हुए आम जनता को सचेत किया है। कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा यह अफवाह फैलाई जा रही है कि सिकंदराबाद नगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मोहल्ला भाटियावाड़ा का नाम बदल दिया गया है। इस संबंध में नगर पालिका परिषद द्वारा जारी एक आधिकारिक नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि भाटियावाड़ा का नाम न तो बदला गया है और न ही ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन है।

नगर पालिका ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की अफवाहें निराधार हैं और समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास मात्र हैं। परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अपुष्ट खबर या अफवाह पर ध्यान न दें और सत्य की जानकारी के लिए केवल अधिकृत स्रोतों पर ही भरोसा करें।

परिषद के अधिशासी अधिकारी डॉ.अश्वनी कुमार ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति इस तरह की झूठी व भ्रामक जानकारी फैलाते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी। उसकी एफआईआर पुलिस में दर्ज कराई जाएगी।

यह मामला तब सामने आया जब बीते दिन मोहल्ला भाटियावाड़ा स्थित मल्लू गाजी चौक का शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद सिकंदराबाद के अध्यक्ष डॉ.प्रदीप दीक्षित मौजूद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पूरे शहर का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वे सिकंदराबाद को साफ-सुथरा और सुव्यवस्थित बनाने के लिए सड़क,स्वच्छता एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास हेतु प्रतिबद्ध हैं।

मगर इसी कार्यक्रम के बाद अफवाहें फैलने लगीं कि मोहल्ला भाटियावाड़ा का नाम बदला जा चुका है। इस पर स्थिति स्पष्ट करते हुए नगर पालिका ने जनता को सूचित किया है कि मोहल्ले का नाम यथावत है और नाम परिवर्तन की कोई प्रक्रिया या योजना नहीं है।

नगर पालिका ने दोहराया कि अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

[democracy id=”current”]

Spread the love

Published On

Leave a Comment

Other News