ककोड़: ग्रेटर नोएडा यमुना विकास प्राधिकरण द्वारा ककोड़ क्षेत्र के नौ गाँवों के लिए 15 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को मंजूरी दे दी गई है। इस संबंध में पहली बार एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी जानकारी सिकंदराबाद के विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने दी।
विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने बताया कि वर्ष 2020 में बुलंदशहर जिले के नौ गाँव ग्रेटर नोएडा यमुना विकास प्राधिकरण के अंतर्गत आ गए थे। इस कारण इन गाँवों में प्रधानी के चुनाव नहीं हो पाए थे और विकास कार्य भी ठप थे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से वार्ता कर यमुना विकास प्राधिकरण के सीईओ अरुण वीर सिंह से विशेष आग्रह किया गया, जिसके फलस्वरूप यह बैठक आयोजित की गई।
उन्होंने आगे बताया कि पूर्व में भी प्राधिकरण द्वारा पाँच करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। बैलाना गाँव में राजकीय हाई स्कूल, झाझर कस्बे में सड़क निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं को विकसित किया गया है। अब प्रत्येक गाँव में सचिव की तैनाती की जा चुकी है।
आज की बैठक में गाँवों को जोड़ने वाले लिंक मार्ग, शमशान घाटों का विकास, तालाबों के सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों को लेकर 15 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पास किए गए हैं। यमुना विकास प्राधिकरण के सीनियर मैनेजर वी.पी. सिंह ने जानकारी दी कि विकास कार्यों के लिए धनराशि आवंटित कर दी गई है और जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर कार्य शुरू किए जाएंगे।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष ललित भाटी, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुभाष भाटी, प्रधान धनोरा संजय, प्रधान फतेहपुर, ककोड़ नगर पंचायत अध्यक्ष मोहित सिंघल, डॉ. वंदना, ऋषि पाल सिंह, पीतांबर प्रजापति, अरुण प्रजापति सहित कई अन्य कार्यकर्ता और स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।