सिकंदराबाद: होली और जुमे की नमाज के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क रहा। 14 मार्च को होली का पर्व मनाया गया, साथ ही रमज़ान के पाक माह में दोपहर को जुमे की नमाज भी अदा की जानी थी। इसे लेकर पुलिस और प्रशासन ने पहले से ही कड़े सुरक्षा प्रबंध किए थे।
शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
नगर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम संतोष कुमार जगराम, एसपी सिटी शंकर प्रसाद और सीओ पूर्णिमा सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। सुबह से ही नगर की मस्जिदों और प्रमुख स्थानों पर पुलिस तैनात रही, जबकि गली-मोहल्लों में भी गश्त जारी रही।
समय में बदलाव से बनी सहमति
नगर के दोनों समुदायों के धर्मगुरुओं से प्रशासन ने आपसी समन्वय और भाईचारे से त्योहार मनाने की अपील की थी। इसके तहत होली का रंग खेलना दोपहर 1 बजे तक समाप्त कर दिया गया, जबकि जुमे की नमाज के समय में बदलाव कर इसे दोपहर 2 बजे अदा किया गया। इससे दोनों पर्व बिना किसी विवाद के सकुशल संपन्न हुए।
हुल्लड़बाजों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने शहर में हुड़दंग करने वालों और यातायात बाधित करने वालों पर कड़ी नजर रखी। 1 बजे के बाद सड़क पर तेज रफ्तार से बाइक चलाने वाले और तीन सवारी बैठाकर दौड़ने वाले युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया और कोतवाली में बैठाया, ताकि नगर में कोई अव्यवस्था न हो और शांति व्यवस्था बनी रहे।
ग्राम पचौता में होली मेला सकुशल संपन्न
सिकंदराबाद से सटे ग्राम पचौता में होली के अवसर पर लगने वाला पारंपरिक मेला भी सकुशल संपन्न हुआ। सीओ पूर्णिमा सिंह स्वयं मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेती रहीं और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस लगातार मुस्तैद रही।
प्रशासन ने ली राहत की सांस
करीब 3 बजे तक दोनों पर्वों का शांतिपूर्ण समापन होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि नगरवासियों और प्रशासन के सहयोग से दोनों त्योहार सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। उन्होंने सभी नागरिकों से शांति और भाईचारे की भावना बनाए रखने की अपील की।
नगर में प्रशासन की सतर्कता और आम जनता के सहयोग से यह त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिससे पुलिस और प्रशासन को बड़ी राहत मिली।
1 thought on “सिकंदराबाद में होली व जुमे की नमाज़ शांतिपूर्ण संपन्न, एसपी सिटी ने किया फ्लैग मार्च”
Very nice
Good Job Sir ji