नगर में वेंडिंग जोन भले ही बना दिए गए,लेकिन उसका कोई लाभ नहीं दिख रहा,पालिका बेपरवाह
बोर्ड लगने के बाद भी नान वेंडिंग जोन में लग रही दुकानें
शहर में 6 जगहों को नगर पालिका ने नो वेंडिंग जोन घोषित कर इन जगहों पर बोर्ड लगाया था और इन जगहों पर किसी
भी प्रकार की दुकान संचालित नहीं करने के निर्देश दुकान संचालकों को दिए थे
अवैध कब्जा धारी नॉन वेडिंग जोन का उड़ा रहे माखौल

सिकंद्राबाद। शहर को जाम और अतिक्रमण की समस्या से निजात दिलाने की कवायद सफल होती नहीं दिख रही है। प्रशासन और पालिका की ओर से घोषित वेंडिंग और नॉन वेंडिंग जोन का पालन नहीं हो रहा है। हाल ये है कि जहां-तहां ठेले वाले खड़े दिख रहे हैं। नॉन वेंडिंग जोन के बोर्ड के पास भी दुकानें सजी हैं। इसके कारण शहर की कई प्रमुख सड़कों पर अतिक्रमण और जाम के हालात हो रहे है।
सड़क पर कब्जा कर दुकान चलाने वालों को स्थायी ठिकाना देने के मकसद से नगर में वेंडिंग जोन भले ही बना दिए गए, लेकिन उसका कोई लाभ नहीं दिख रहा। चिह्नित वेंडिंग जोन खाली हैं और नॉन वेंडिंग जोन में दुकानें सज रही हैं। इस बेपरवाही के बावजूद जिम्मेदारों की उदासीनता का आलम यह है कि नगर पालिका में इक्का-दुक्का जिन दुकानदारों ने वेंडिंग जोन में दुकानें लगाई हैं,वह पश्चाताप कर रहे हैं।
शहर को अतिक्रमण मुक्त करने को लेकर पालिका प्रशासन की ओर से संयुक्त अभियान चलाया गया था। जिसमें नो-वेंडिंग जोन में अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। फुटपाथ पर रखा सामान जब्त करने के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा। सिकंद्राबाद पालिका प्रशासन की ओर से शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए अभियान चलाया जा था। नो-वेंडिंग जोन से अतिक्रमण हटाने की तैयारी की थी। नगर में 9 वेंडिंग जोन व 6 नो-वेंडिंग जोन चिह्नित किये गये हैं। वेंडिंग जोन पर पटरी दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें लगा सकते हैं जबकि नो-वेंडिंग जोन में कोई भी पटरी दुकानदार अपनी दुकानें नहीं लगा सकेंगे।

