बुलंदशहर। पर्यावरण को स्वच्छ शुद्ध बनाए रखने के लिए जनपद में होने वाले वृहद पौधारोपण कार्य के लिए शासन से आवंटित लक्ष्य के अनुरूप विभागों के द्वारा पौधारोपण कराने के लिए की जा रही तैयारियों हेतु जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार आवंटित पौधारोपण के लक्ष्य के अनुरूप की जा रही तैयारियो के बारे में जानकारी ली गई।

विभागों से उनके द्वारा पौधारोपण हेतु चिन्हित स्थलों, गड्ढों की खुदाई आदि के बारे में जानकारी लेते हुए निर्देश दिए गए कि गड्ढों की खुदाई के कार्य को पूरा कर लें। वन विभाग की नर्सरी से पौधो का उठान भी 2 दिवस में शत प्रतिशत कर लें। बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा के स्कूल में पढ़ रहे बच्चों को प्रेरित कर एक पौधा मां के नाम थीम से बच्चो से लगवाए। बच्चो को पौधारोपण के कार्य से जोड़कर पौधो का संरक्षण भी कराए। पौधारोपण अभियान में जनपद के नागरिकों को भी जोड़ा जाए। इसके लिए व्यापक तैयारी कर जनप्रतिनिधि को भी आमंत्रित करें। गांवों में अलग नाम से वाटिका भी बनाई जाए। पौधारोपण कार्य के लिए जो भी तैयारी करनी है वह समय से कर ली जाए। सभी विभाग पौधारोपण के उपरांत जिओ टैगिंग भी अवश्य करें। बैठक में सीडीओ कुलदीप मीना, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डा प्रशांत कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व अभिषेक सिंह, डीएफओ विनीता सिंह सहित सभी उप जिलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
