सिकंदराबाद: नगर के जीटी रोड स्थित दीक्षित पैलेस में शनिवार को उचित दर विक्रेताओं का स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के राशन विक्रेताओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समारोह में सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह और राशन विक्रेता कल्याण समिति उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रभान सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि यह सेवा, सुरक्षा और सुशासन का एक नया आयाम है। उन्होंने कहा कि उचित दर विक्रेताओं ने समाज सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
विधायक ने कोरोना काल की कठिन परिस्थितियों को याद करते हुए कहा कि जब लोग अपनों से दूर हो रहे थे, उस समय भी भाजपा कार्यकर्ताओं और उचित दर विक्रेताओं ने मिलकर जरूरतमंदों तक राशन, दवाइयां और अन्य आवश्यक सामग्री पहुंचाने का सराहनीय कार्य किया था।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में आमूलचूल परिवर्तन हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जाति और धर्म के बंधनों से ऊपर उठकर ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मूलमंत्र के साथ समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों की ओर से विधायक लक्ष्मीराज सिंह का जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समारोह के माध्यम से उचित दर विक्रेताओं के बीच आपसी मेलजोल, भाईचारे और संगठनात्मक एकजुटता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष डॉ.प्रदीप दीक्षित, डॉ.नवीन राजपूत, तैयब खान, मूलचंद राणा, राजकुमार गुप्ता, संतोष यादव, पवन भाटी सहित बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
