Search

सिकंदराबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की सिकंदराबाद के कृषि मॉडल की सराहना

193 Views

सिकंदराबाद: दिल्ली के भारत मंडपम में 11 और 12 नवंबर को आयोजित भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस में सिकंदराबाद की सनशाइन वेजिटेबल्स द्वारा विकसित कृषि उत्पादन एवं विपणन मॉडल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सराहना की। प्रधानमंत्री की टिप्पणी से सिकंदराबाद के किसानों और कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों में खुशी का माहौल है।

सनशाइन वेजिटेबल्स के ऑनर कर्नल सुभाष देशवाल ने बताया कि कॉन्फ्रेंस के दौरान आयोजक इंडिया टुडे ग्रुप की उपाध्यक्ष कल्ली पुरी प्रगतिशील किसानों का परिचय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करा रही थीं। इसी दौरान प्रधानमंत्री ने कर्नल देशवाल को पहचानते हुए कहा, ‘ये वही कर्नल देशवाल हैं, जो अपनी फसल का मूल्य स्वयं तय करते हैं।’

कर्नल देशवाल के अनुसार, प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी से उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि सिकंदराबाद में विकसित सनशाइन वेजिटेबल्स के कृषि उत्पादन एवं विपणन मॉडल की जानकारी देश के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंची है।

किसानों को सशक्त बनाता है कृषि मॉडल

सनशाइन वेजिटेबल्स के डायरेक्टर लालकृष्ण यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री द्वारा सिकंदराबाद में हो रही गाजर की खेती और उससे जुड़े कृषि मॉडल की जानकारी रखना तथा उसकी सराहना करना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल कंपनी का नहीं, बल्कि इससे जुड़े किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों और व्यापारियों का भी है।

उन्होंने बताया कि कंपनी के इस मॉडल के माध्यम से किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य निर्धारित करने और कृषि व्यापार में सक्रिय भागीदारी निभाने का अवसर मिलता है। इससे किसान केवल फसल उत्पादन तक सीमित नहीं रहते, बल्कि अपनी उपज के विपणन और मूल्य निर्धारण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी को सिकंदराबाद में विकसित कृषि उत्पादन एवं व्यापार मॉडल के लिए एक महत्वपूर्ण पहचान के रूप में देखा जा रहा है। इससे क्षेत्र में गाजर की खेती और किसानों की आर्थिक भागीदारी को लेकर भी उत्साह बढ़ा है।


 

Spread the love

Published On

Leave a Comment