सिकंदराबाद: कोतवाली सिकंदराबाद के मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने काउंसलिंग के माध्यम से एक दंपति के बीच चल रहे वैवाहिक विवाद को सुलझाने में सफलता हासिल की। प्रभारी उप-निरीक्षक शीबा और उनकी टीम की समझाइश के बाद पति-पत्नी आपसी सहमति से फिर साथ रहने के लिए राजी हो गए।
बुधवार, 4 नवंबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलंदशहर के निर्देशन में वैवाहिक विवादों के निस्तारण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दंपति को थाना सिकंदराबाद स्थित मिशन शक्ति केंद्र पर बुलाया गया। यहां प्रभारी उप निरीक्षक शीबा और टीम ने दोनों पक्षों की समस्याएं सुनीं और आपसी बातचीत के माध्यम से विवाद सुलझाने का प्रयास किया।
काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे की बातों को समझा और आपसी सहमति से सुलह-समझौते पर राजी हो गए। पति-पत्नी ने बीती बातों को भुलाकर विश्वास और आपसी समझ के साथ वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत करने तथा हंसी-खुशी साथ रहने का संकल्प लिया।
इस मौके पर मिशन शक्ति प्रभारी शीबा और काउंसलरों ने दंपति को सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। साथ ही भविष्य में आपसी विवादों से बचने, एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने और संवाद बनाए रखने की सलाह दी।
