सिकंदराबाद: नगर के जेएस कॉलेज के बीएड विभाग की शिक्षिका अलका चौधरी ने शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद से प्रो. ज्योति पुरी के निर्देशन में अपना शोध कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
अलका चौधरी ने “उच्चतर माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि पर मेटाकॉग्निटिव अधिगम रणनीतियों का प्रभाव” विषय पर शोध किया। उनका शोध विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि को बेहतर बनाने में मेटाकॉग्निटिव अधिगम रणनीतियों की भूमिका पर केंद्रित रहा। यह शोध शैक्षिक प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने तथा विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण है।
उनकी इस उपलब्धि से जेएस कॉलेज परिवार में हर्ष का माहौल है। पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने पर महाविद्यालय के प्राचार्य, प्रबंध समिति के पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने अलका चौधरी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
महाविद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि अलका चौधरी भविष्य में भी शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करते हुए संस्थान का नाम गौरवान्वित करती रहेंगी।
