सिकंदराबाद: नगर में श्री रामलीला कमेटी के तत्वावधान में श्री आदर्श राधिका कृष्ण कला मंडल एवं रामलीला मंडल वृंदावन धाम द्वारा आयोजित रामलीला का रविवार की रात कबाड़ी बाजार स्थित मंदिर भजनलाल में भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ भव्य समापन हुआ। इस दौरान श्रद्धालु प्रभु श्रीराम की भक्ति में लीन नजर आए और जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
राजतिलक समारोह का शुभारंभ सुंदर भजन कार्यक्रम के साथ हुआ। श्री रामलीला कमेटी के प्रधान पंडित सचिन शर्मा, चेयरमैन पंडित राकेश शर्मा, प्रभारी अरविंद दीक्षित और प्रबंधक राहुल गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, गुरु वशिष्ठ और हनुमान जी की आरती की। इसके बाद गुरु वशिष्ठ ने भगवान श्रीराम का प्रथम राजतिलक किया। कमेटी के पदाधिकारियों और उनके परिवारों ने भी प्रभु का तिलक कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
लीला वाचक व्यास पंकज भारद्वाज ने भजनों के माध्यम से राजतिलक प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। इस दौरान भगवान श्रीराम के साथ माता सीता, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और हनुमान जी की मनमोहक झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
झांकी संचालकों और कलाकारों को किया सम्मानित
समापन समारोह में रामलीला कमेटी की ओर से श्रीराम बरात में आकर्षण का केंद्र रहीं झांकियों के संचालकों, कलाकारों और आयोजन में सहयोग करने वाले सदस्यों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कमेटी के प्रभारी अरविंद दीक्षित ने कहा कि सभी सदस्यों और सहयोगियों के सामूहिक प्रयास से रामलीला का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। उन्होंने सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रधान पंडित सचिन शर्मा, चेयरमैन पंडित राकेश शर्मा, अरविंद दीक्षित, जगदीश बजाज, राहुल गुप्ता, अर्जुन वर्मा, लोकेश कौशल, संजीव गोयल हेरिटेज, राकेश मोहन सर्राफ, मनोज यादव, राधेश्याम और अमन सहित कमेटी के सदस्य व श्रद्धालु मौजूद रहे।
