Search

सिकंदराबाद: मेघनाथ वध और सुलोचना सती की लीला का मंचन

225 Views

सिकंदराबाद: नगर के रामवाड़ा स्थित रामलीला मैदान में शुक्रवार रात श्री रामलीला कमेटी के तत्वावधान में मेघनाथ वध और सुलोचना सती की लीला का मंचन किया गया। श्री आदर्श राधिका कृष्ण कला मंडल एवं रामलीला मंडल वृंदावन धाम के कलाकारों ने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से रामायण के इन प्रसंगों को जीवंत कर दिया। लक्ष्मण और मेघनाथ के बीच भीषण युद्ध तथा सुलोचना के सती होने के मार्मिक दृश्य ने श्रद्धालुओं को भावुक कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक बिमला सिंह सोलंकी और देवेंद्र सिंह सोलंकी ने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमानजी का तिलक कर किया। इसके बाद नलिन सोलंकी, धीरेंद्र प्रधान, राजीव राघव, सेवादार राधेलाल और अमन सहित कमेटी के सदस्यों ने भगवान की आरती की।

लक्ष्मण और मेघनाथ के बीच हुआ भीषण युद्ध

लीला के दौरान कुंभकरण वध के बाद रावण ने अपने पुत्र मेघनाथ को राम दल से युद्ध करने के लिए भेजा। मेघनाथ ने राम दल में पहुंचकर योद्धाओं को ललकारा। इसके बाद लक्ष्मण ने मोर्चा संभाला और वानर सेना के साथ मिलकर निकुंभला देवी के यज्ञ को विध्वंस कर दिया। फिर लक्ष्मण और मेघनाथ के बीच भीषण युद्ध हुआ। युद्ध के अंत में लक्ष्मण ने मेघनाथ का वध कर दिया। मेघनाथ की मृत्यु का समाचार मिलते ही लंका में शोक छा गया।

सुलोचना के सती होने का दृश्य देख नम हुईं आंखें

पति की मृत्यु का समाचार मिलने पर सुलोचना राम दल पहुंचीं और भगवान श्रीराम से अपने पति का शीश लौटाने की प्रार्थना की। भगवान श्रीराम ने उन्हें मेघनाथ का शीश सौंप दिया। इसके बाद सुलोचना अपने पति का शीश गोद में लेकर सती हो गईं। इस मार्मिक प्रसंग का मंचन देखकर रामलीला मैदान में मौजूद श्रद्धालु भावुक हो गए।

कार्यक्रम का संचालन प्रभारी अरविंद दीक्षित ने किया। आयोजन को सफल बनाने में राहुल गुप्ता, अर्जुन वर्मा, लोकेश कौशल, जगदीश बजाज और राकेश मोहन सर्राफ सहित रामलीला कमेटी के अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।


 

Spread the love

Published On

Leave a Comment