Search

सिकंदराबाद: रामलीला में श्रीराम जन्म लीला का भावपूर्ण मंचन, जयकारों से गूंजा रामलीला मैदान

121 Views

सिकंदराबाद: नगर के मोहल्ला रामवाड़ा स्थित रामलीला मैदान में श्री आदर्श राधिका कृष्ण कला मंडल एवं रामलीला मंडल वृंदावन के तत्वावधान में भगवान श्रीराम के जन्म की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। व्यास पंकज भारद्वाज के निर्देशन में कलाकारों ने धार्मिक प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भगवान श्रीराम के जन्म का प्रसंग आते ही पूरा रामलीला मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालु खुशी से झूम उठे।

संतान प्राप्ति के लिए राजा दशरथ ने गुरु वशिष्ठ से लगाई गुहार

रामलीला में दिखाया गया कि अयोध्या के राजा दशरथ तीन रानियां होने के बावजूद संतान न होने से चिंतित रहते थे। उन्होंने गुरु वशिष्ठ के समक्ष अपनी व्यथा रखी। राजा की चिंता दूर करने के लिए गुरु वशिष्ठ ने उन्हें श्रृंगी ऋषि से विधि-विधानपूर्वक हवन-यज्ञ कराने का सुझाव दिया। इसके बाद संतान प्राप्ति की कामना से यज्ञ संपन्न कराया गया।

 

यज्ञ के बाद गूंजा श्रीराम जन्म का उल्लास

लीला के अगले प्रसंग में गुरु वशिष्ठ और श्रृंगी ऋषि द्वारा यज्ञ संपन्न कराने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। यज्ञ के उपरांत राजा दशरथ की तीनों रानियों को प्रसाद दिया गया। इसके बाद उनके यहां चार पुत्रों का जन्म हुआ। भगवान श्रीराम के जन्म का मंचन होते ही रामलीला मैदान में उत्सव का माहौल छा गया। श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ अपनी प्रसन्नता व्यक्त की।

बधाई गीतों के बीच मना राम जन्मोत्सव

भगवान श्रीराम के जन्म की खुशी में अयोध्या नगरी में उत्सव मनाए जाने का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा। कलाकारों ने बधाई गीत प्रस्तुत किए और जन्मोत्सव की खुशियां साझा कीं। रामलीला कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं को बधाइयां वितरित की गईं। भक्तिमय वातावरण और कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।

चारों राजकुमारों के नामकरण का हुआ मंचन

राम जन्मोत्सव के बाद गुरु वशिष्ठ द्वारा राजा दशरथ के चारों पुत्रों के नामकरण का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। उन्होंने ज्येष्ठ पुत्र का नाम राम, दूसरे का लक्ष्मण, तीसरे का भरत और चौथे का शत्रुघ्न रखा। नामकरण की लीला को दर्शकों ने खूब सराहा।

इस अवसर पर लक्ष्मी नारायण की आरती अरविंद दीक्षित, राहुल गुप्ता, लौकेश कौशल, सुशील सर्राफ और सौरभ शर्मा ने की। पूरे आयोजन के दौरान रामलीला मैदान में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर पंडित सचिन शर्मा, एडवोकेट नितिन गर्ग, एडवोकेट विपुल गौड़, अर्जुन वर्मा, दिवाकर गोयल, अजय शर्मा विशाल चौधरी सहित सेवादार राधेलाल के अलावा श्रद्धालु मौजूद रहे। रामलीला मंचन के दौरान पुलिस व्यवस्था चाक चौबंद रही।


 

Spread the love

Published On

Leave a Comment

Other News