सिकंदराबाद। जिला जज संजय सिंह, जिलाधिकारी कुमार हर्ष और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में 31 अगस्त को मॉनिटरिंग सेल की मासिक गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
गोष्ठी के बाद जिला जज के नेतृत्व में जिलाधिकारी और एसएसपी ने राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने वहां रह रहे बाल अपचारियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद अधिकारियों ने जिला कारागार का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, साफ-सफाई, व्यवस्थाओं और अन्य इंतजामों का निरीक्षण किया गया। संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
