सिकंदराबाद: दयावती दीवान सिंह शुक्ल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बुधवार को प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, बाजार माधोदास के तत्वावधान में ‘10 करोड़ नशामुक्ति अभियान प्रतिज्ञा कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया।

ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहन शिल्पी जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं संस्कारयुक्त जीवन जीने की प्रतिज्ञा ली। इस अवसर पर बहन सुधा जी, देव भाई जी, अजय भाई जी और विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य सुभाष गुप्ता मौजूद रहे।

विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों में शुरुआती स्तर से ही नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूकता जरूरी है। ऐसे अभियान युवाओं को सही दिशा देने और स्वस्थ, संस्कारवान एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही प्रशासनिक सेवाओं समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर ध्यान देने की बात कही, ताकि विद्यार्थी भविष्य में देश और समाज की सेवा कर सकें। उन्होंने कहा कि विद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं की विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नशामुक्त जीवन, स्वस्थ जीवनशैली, सामाजिक जिम्मेदारी और जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने की भावना विकसित करना रहा। विद्यालय परिवार ने नशामुक्ति को लेकर चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान को समाजहित में महत्वपूर्ण पहल बताया।
