सिकंदराबाद: कोतवाली परिसर में शनिवार को माह के चौथे थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसीलदार संजय कुमार और सीओ दीपक कुमार ने की। इस दौरान फरियादियों की जनसमस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
थाना समाधान दिवस में कुल 7 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
तहसीलदार संजय कुमार ने कहा कि शिकायतों का वास्तविक और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो। प्राप्त सभी शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित थीं।
इस अवसर पर कोतवाली प्रभारी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, एसएसआई राजवीर गौतम, लेखपाल, चौकी प्रभारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं फरियादी मौजूद रहे।
