Search

सिकंदराबाद: विद्या भारती की बैठक में संस्कारयुक्त शिक्षा पर मंथन, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर दिया जोर

107 Views

सिकंदराबाद। गुलावठी रोड स्थित दयावती दीवान सिंह शुक्ल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के तत्वावधान में विद्यालय प्रबंध समिति की परिचयात्मक चर्चा एवं प्रबोधन बैठक आयोजित हुई। इसमें संस्कारयुक्त शिक्षा, भारतीय संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में विद्यालयों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। मुख्य वक्ता मेरठ प्रांत के प्रांत संगठन मंत्री प्रदीप गुप्ता ने कहा कि विद्या भारती के विद्यालय केवल शिक्षा देने वाले संस्थान नहीं, बल्कि चरित्रवान, अनुशासित और राष्ट्रनिष्ठ नागरिक तैयार करने के केंद्र हैं। उन्होंने भारतीय संस्कृति आधारित शिक्षा, योग, प्रार्थना, संस्कार गतिविधियों और सेवा कार्यों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का आधार बताया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों और किशोरों में बढ़ रहे अवसाद को देखते हुए खेल, योग, संगीत, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में नियमित सहभागिता आवश्यक है। साथ ही विद्यालयों में Joyful Learning और पंचपदी शिक्षण पद्धति के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी प्रकाश डाला।

बैठक में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने अपनी-अपनी प्रबंध समितियों का परिचय देते हुए विद्यालयों की छात्र संख्या, शैक्षिक उपलब्धियों और संस्कार गतिविधियों की जानकारी साझा की। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. नरेश चंद्र शर्मा, उपाध्यक्ष राजकुमार वर्मा, प्रबंधक राधेश्याम गर्ग और वरिष्ठ सदस्य विनोद कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य राजीव गुप्ता ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कारित और चरित्रवान नागरिक तैयार करना है।


 

Spread the love

Published On

Leave a Comment