सिकंदराबाद: सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर गांव में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक फॉर्च्यूनर कार, एक थार, 5 मोटरसाइकिल, 2 पिस्टल और 13 खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, मुकदमा संख्या 678/2026 में प्रथम पक्ष के आरोपी निखिल, सत्यपाल, प्रशांत और विशु को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, मुकदमा संख्या 679/2026 में दूसरे पक्ष के आरोपी प्रियांशु, अरविंद, रतनवीर और सचिन को दबिश देकर पकड़ा गया। सभी आरोपी निजामपुर गांव के रहने वाले हैं।
पैसों के लेन-देन को लेकर हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग
निजामपुर गांव में पैसों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। कहासुनी के बाद विवाद मारपीट और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग में बदल गया। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे।
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
दोनों पक्षों से चार-चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के चार-चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से मिले हथियारों, कारतूसों और वाहनों को कब्जे में लेकर उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार सभी 8 आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
