सिकंदराबाद: सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से सम्बद्ध विभिन्न प्रतियोगिताओं—हिंदुस्तान ओलंपियाड, सरस्वती प्रतिभा खोज परीक्षा एवं इंस्पायर मानक अवार्ड—में सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विशाल चौधरी, विद्यालय के प्रबंधक एडवोकेट नितिन गर्ग तथा प्रधानाचार्य रामकरन सिंह दक्ष द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया।
मुख्य अतिथि विशाल चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी भाग लेना चाहिए, इससे उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है और वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार होते हैं।
कार्यक्रम में उल्लेखनीय उपलब्धियों के तहत मेरठ प्रांत की सरस्वती प्रतिभा खोज परीक्षा में कक्षा 8 के छात्र लक्ष्य यादव ने सफलता प्राप्त की। वहीं हिंदुस्तान ओलंपियाड परीक्षा 2025-26 में कक्षा 9 के छात्र जतिन राघव ने जनपद बुलंदशहर में प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। इन सभी मेधावी छात्रों को मुख्य अतिथि द्वारा मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त इंस्पायर मानक अवार्ड में चयनित कक्षा 10 के छात्र सक्षम शुक्ला को 10,000 रुपये का चेक भेंट कर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन संजीव कुमार शर्मा ने किया। अंत में विद्यालय प्रबंधक एडवोकेट नितिन गर्ग एवं प्रधानाचार्य रामकरन सिंह दक्ष ने मुख्य अतिथि एवं उपस्थित अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जोगेंद्र सिंह, आर्य भोजपाल, राकेश, राजकुमार, धर्मेंद्र, विक्रम, शशि बाला, प्रीति त्यागी, स्नेहल गौड़, नीलम गुप्ता, प्रियंका शर्मा, प्रशांत शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
