Search

सिकंदराबाद: बासोड़ा पर्व पर माता मंदिरों में उमड़ी भीड़, सुबह से लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें

103 Views

सिकंदराबाद: मंगलवार को बासोड़ा पर्व के अवसर पर शीतला माता मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। नगर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह तड़के ही माता रानी के दर्शन के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे।

मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। सिकंदराबाद के गैस गोदाम और रामवाड़ा स्थित शीतला माता मंदिर परिसर माता रानी के जयकारों से गूंज उठे।

महिलाओं ने माता रानी को नारियल, चुनरी, फूल-माला और प्रसाद अर्पित कर पूजा की। इस दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा। कई स्थानों पर महिलाओं ने समूह बनाकर माता के भजन गाए और परिवार के स्वास्थ्य एवं खुशहाली की प्रार्थना की।

बासोड़ा पर्व के अवसर पर घरों में एक दिन पहले बनाए गए ठंडे भोजन का माता रानी को भोग लगाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन घरों में चूल्हा नहीं जलाया जाता है और माता शीतला की पूजा-अर्चना की जाती है।

मान्यता है कि माता शीतला की पूजा करने से परिवार को रोग-व्याधियों से रक्षा मिलती है। विशेष रूप से चेचक, बुखार और अन्य संक्रामक रोगों से बचाव होता है तथा घर में सुख-शांति बनी रहती है।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी यह पर्व बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया, जहां बच्चों की लंबी आयु और परिवार के अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की गई। नगर के प्रमुख शीतला माता मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने से मंदिरों के आसपास मेले जैसा माहौल देखने को मिला।


क्या आप \"Jni News\" की खबरों से संतुष्ट हैं?
Spread the love

Published On

Leave a Comment

Other News