Search

सिकंदराबाद: नाला चौक होने पर भड़के लोग, नगर पालिका अध्यक्ष ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

409 Views

सिकंदराबाद: मंगलवार दोपहर सिकंदराबाद नगर में नालों के चौक होने से उत्पन्न जलभराव की गंभीर समस्या पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सूचना मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. प्रदीप दीक्षित मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नालों में गोबर बहाने वाले पशुपालकों और नालियों के आसपास अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

नगर के कुत्ते की कब्र क्षेत्र में पुलिया निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण के दौरान जल निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था न होने के कारण आसपास की गलियों में पानी भर गया है। हालात ऐसे हैं कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले 15 से 20 दिनों से गलियों में लगातार पानी भरा हुआ है। इससे घरों में आने वाले पीने के पानी में दुर्गंध आने लगी है। जलभराव के कारण मच्छर और मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि इस स्थिति में रहना दूभर हो गया है।

लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका ने पुलिया निर्माण से पहले पानी की निकासी की कोई ठोस वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की, जिसके चलते बारिश या नाले का पानी आसपास के इलाकों में भर जाता है और जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।

वहीं अलीगढ़ मोटर के पीछे जमाईपुरा क्षेत्र में भी पशुपालकों द्वारा नालियों में गोबर बहाने को लेकर लोगों में रोष है। इससे नालियां बार-बार चौक हो रही हैं और गंदगी फैल रही है।

नगर पालिका अध्यक्ष ने लोगों को आश्वासन दिया कि गोबर बहाने वाले पशुपालकों को नोटिस जारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी और जल निकासी की समस्या को जल्द दूर कराया जाएगा। वहीं स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।


[democracy id=”current”]

Spread the love

Published On

Leave a Comment