बुलंदशहर के गुलावठी क्षेत्र में पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान 10,000 का इनामी बदमाश साजिद मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने मौके से अवैध असलहा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की। साजिद पर तेवतिया कॉलोनी लूट का मामला दर्ज था।
बुलंदशहर: जनपद में वांछित अपराधियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गुलावठी पुलिस व स्वाट टीम को बड़ी सफलता मिली है। बीती रात हापुड़-गुलावठी रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें 10,000 का इनामी बदमाश साजिद पुत्र मेहराजुद्दीन निवासी लाला मोहम्मदपुर, टंकी वाली गली, थाना कंकरखेड़ा, मेरठ पुलिस की गोली से घायल होकर गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर पीछा किया तो बदमाश ने पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में साजिद के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस ने मौके से एक अवैध असलहा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद की है।

गौरतलब है कि साजिद शातिर किस्म का चोर और लुटेरा है, जिसने 6 जुलाई 2025 को थाना गुलावठी क्षेत्र के तेवतिया कॉलोनी में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलंदशहर द्वारा 10,000 का इनाम घोषित किया गया था।
