Search

सिकंदराबाद: रविवार को विधायक ने अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, एक्स-रे रूम बंद मिलने पर जताई नाराज़गी

1,017 Views

सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने रविवार को राजकीय संयुक्त चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बीपी मशीन चेक की, सफाई व्यवस्था पर नाराज़गी जताई और एक्स-रे रूम बंद मिलने पर अधिकारियों को चेतावनी दी।


सिकंदराबाद: रविवार को सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने राजकीय संयुक्त चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। आमतौर पर रविवार को अस्पताल में केवल इमरजेंसी सेवाएं संचालित रहती हैं और स्टाफ व मरीजों की संख्या बेहद कम होती है। आज ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया था। यह शिविर राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 18वीं पुण्यतिथि तथा “विश्व बंधुत्व दिवस” के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। जिसमें शामिल होने के बाद विधायक अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायज़ा लिया। उन्होंने सबसे पहले अस्पताल का उपस्थिति रजिस्टर देखा और स्टाफ की हाज़िरी की जांच की। इसके बाद उन्होंने खुद अपना बीपी चेक कर मशीन की कार्यक्षमता परखी। वहीं, सफाई व्यवस्था में कमियां मिलने पर उन्होंने नाराज़गी जताई और अस्पताल प्रशासन को सुधार के निर्देश दिए।

सबसे बड़ी खामी तब सामने आई जब एक्स-रे रूम बंद मिला। इस पर विधायक ने असंतोष व्यक्त किया और कहा कि मरीजों की सुविधा के लिए सभी विभाग समय पर उपलब्ध होने चाहिए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में लापरवाही पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने विधायक के इस औचक निरीक्षण पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उनका कहना है कि यह कदम सराहनीय है, लेकिन यदि ऐसे निरीक्षण सामान्य कार्यदिवसों में किए जाएं, जब अस्पताल पूरी तरह स्टाफ और मरीजों से भरा रहता है, तो वास्तविक स्थिति और बेहतर तरीके से सामने आ सकती है और सुधार के ठोस नतीजे निकल सकते हैं।

विधायक लक्ष्मीराज सिंह ने कहा कि जनता को स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जाएगी।


[democracy id=”current”]
Spread the love

Published On

Leave a Comment